बंगाल चुनाव में ‘विकास और सुशासन के पक्ष में जनादेश’ : मुख्यमंत्री धामी


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों को विकास की रफ्तार को चुनने वाला ऐतिहासिक जनादेश बताते हुए बंगाल की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक ट्वीट में लिखा है कि,' पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, तुष्टिकरण और अव्यवस्था को नकारते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि यह जीत केंद्र और राज्य में 'डबल इंजन सरकार' की अवधारणा को और मजबूती देगी, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह परिणाम भाजपा के अंत्योदय के संकल्प और सुशासन के मॉडल की स्वीकार्यता को दर्शाता है। भाजपा नेतृत्व की ओर से भी इस जीत को संगठनात्मक मजबूती और रणनीतिक नेतृत्व का परिणाम बताया गया।

उन्होंने बयान में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे ने यह सफलता दिलाई है। पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर उनकी मेहनत ने भाजपा को यह सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राज्य में विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए आयाम स्थापित होंगे।

Subscribe Now